शादी का झांसा देकर ठगी और मारपीट के मामले में फरार 3 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
धामनोद। थाना धामनोद पुलिस ने मानव दुर्व्यवहार के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 3 हजार रुपए के घोषित इनामी आरोपी रोहित गंगारे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर शादी का झांसा देकर महिला के साथ धोखाधड़ी, दबाव बनाने और मारपीट करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक फरियादिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बहन के परिचित रोहित गंगारे निवासी खलघाट ने शादी कराने के नाम पर 50 हजार रुपए देने का झांसा देकर उसे 10 दिसंबर 2021 को गुजरात ले गया और 14 दिसंबर को मांगीलाल से शादी करा दी। बाद में पति को बताया गया कि रोहित ने उसे 6 लाख रुपए में बेचकर शादी कराई है।
पुलिस के अनुसार कुछ समय बाद रोहित ने महिला पर दूसरी शादी करने का दबाव बनाया। मना करने पर पति को उसके फोटो भेजकर घर छुड़वा दिया और बाद में इंदौर से खलघाट लाकर कथित रूप से मारपीट की गई। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में थाना धामनोद में अपराध क्रमांक 385/2026, धारा 127(4), 143(2), 115(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी धामनोद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार प्रयासों के आधार पर पुलिस ने आरोपी रोहित पिता राकेश गंगारे, उम्र 29 वर्ष, निवासी साला पुनर्वास, थाना धामनोद को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया।
कार्रवाई में निरीक्षक संतोषसिंह यादव, उपनिरीक्षक सावन मुवेल, आरक्षक रविन्द्र जमरे, आरक्षक मनीष राठौर सहित थाना धामनोद पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।


No comments:
Post a Comment