सगाई टूटने के बाद युवती ने की आत्महत्या, परिजनों ने युवक व रिश्तेदारों पर लगाए आरोप
धामनोद/धार। धार जिले के पलाशिया में एक युवती की मौत के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। मृतका के परिजनों ने सगाई टूटने के बाद मानसिक तनाव में आने का आरोप लगाते हुए युवक और उसके कुछ रिश्तेदारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों के अनुसार, पलाशिया निवासी किरण पाचुरेकर का विवाह इंदौर के राजनगर निवासी राज खेड़े से तय हुआ था। दोनों परिवारों की सहमति से सगाई हो चुकी थी और पिछले चार-पांच दिनों से दोनों के बीच बातचीत भी हो रही थी। आरोप है कि अचानक युवक ने यह कहते हुए शादी से इंकार कर दिया कि उसके रिश्तेदार इस विवाह के लिए तैयार नहीं हैं।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि युवक के इस निर्णय के पीछे उसकी नानी राजकुंवर बाई, मामा बब्बू कोशल और संतोष कोशल का दबाव था। उनका कहना है कि सगाई टूटने के बाद किरण गहरे मानसिक तनाव में चली गई और उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नोट:
यह समाचार परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस जांच जारी है।


No comments:
Post a Comment