ठेला हटाने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, तलवार से हमला; 6 लोग घायल
धामनोद। धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम सुंन्द्रेल में ट्रैक्टर निकालने के लिए ठेला हटाने की बात को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद मंगलवार शाम हिंसक झड़प में बदल गया। शाम करीब 4 बजे दोनों पक्षों के बीच हुई कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद एक पक्ष शिकायत दर्ज कराने धामनोद थाने पहुंचा था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद दोबारा भड़क गया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। हमले में तलवार सहित अन्य धारदार हथियारों का उपयोग किए जाने की जानकारी सामने आई है।
घटना में दोनों पक्षों के कुल 6 लोग घायल हुए हैं। इनमें मेवाड़े परिवार के 3 तथा वर्मा परिवार के 6 सदस्य शामिल बताए गए हैं। सभी घायलों को तत्काल धामनोद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉ. श्वेता सांवले ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर घायलों की स्थिति पर चिकित्सकों द्वारा निगरानी रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संतोष यादव के निर्देशन में धामनोद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment