रोहित कंपनी के सोयाबीन बीज राम ट्रेडर्स से खरीदे गये बीज खराब होने की शिकायत, किसानों ने थाने में दिया आवेदन
धामनोद। क्षेत्र के कई किसानों ने राम ट्रेडर्स, धामनोद से खरीदे गए रोहित कंपनी के 9560 सोयाबीन बीज के खराब होने की शिकायत पुलिस थाना धामनोद में दर्ज कराते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थी प्रताप पिता गुलाब वास्केल (उम्र 40 वर्ष), निवासी रामाधामा वासलीपुरा ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया कि उन्होंने 17 जून 2026 को राम ट्रेडर्स, धामनोद से रोहित कंपनी के 9560 सोयाबीन बीज ₹6,300 में खरीदे थे (बिल क्रमांक 3733)। खेत में बुवाई के बाद मात्र लगभग 30 प्रतिशत बीज ही अंकुरित हुए, जबकि लगभग 70 प्रतिशत बीज खराब निकलने से उन्हें भारी नुकसान हुआ।
प्रताप वास्केल के अनुसार जब उन्होंने गांव के अन्य किसानों से जानकारी ली तो पता चला कि जिन किसानों ने भी इसी दुकान से यही बीज खरीदे थे, उनके खेतों में भी अंकुरण नहीं हुआ। आवेदन में किसानों के नाम एवं खरीद का विवरण भी दिया गया है। इसमें कन्हैयालाल (बिल क्रमांक 1940), सीताराम निवासी वासलीपुरा (बिल क्रमांक 2845), रणछोड़जी निवासी वासलीपुरा (बिल क्रमांक 3086), छोटू निवासी वासलीपुरा (बिल क्रमांक 4860), कन्हैया निवासी अहिरवास (बिल क्रमांक 0994) तथा निलेश सिसोदिया निवासी अहिरवास (बिल क्रमांक 3395) द्वारा खरीदे गए रोहित कंपनी के 9560 सोयाबीन बीज के खराब होने का उल्लेख किया गया है।
किसानों का आरोप है कि खराब गुणवत्ता के बीज के कारण उनकी फसल प्रभावित हुई है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने थाना प्रभारी से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।





No comments:
Post a Comment