नवागत थाना प्रभारी के लिए चुनौती बना अपराध, लाखों की चोरी के बाद भी बेखौफ घूम रहे चोर स्कूल में ताले तोड़कर नकदी पार, पुलिस की पकड़ से दूर बदमाश; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
*धामनोद// नगर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और नवागत थाना प्रभारी संतोषसिंह यादव के सामने अपराध नियंत्रण की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। एक ओर पुलिस नशा मुक्ति अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रमों में व्यस्त दिखाई दे रही है, वहीं दूसरी ओर चोर नगर में वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की कार्यप्रणाली को खुली चुनौती दे रहे हैं।
ताजा मामला नगर के गुलझरी स्थित पहल-ए-स्कूल का है, जहां अज्ञात बदमाशों ने रात के अंधेरे में धावा बोलते हुए मुख्य गेट, कार्यालय, प्राचार्य कक्ष और संचालक कक्ष के ताले तोड़ डाले। चोरों ने अलमारियों और दराजों के लॉक तोड़कर वहां रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी गई राशि करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक आंकड़ा जांच के बाद स्पष्ट होगा
स्कूल संचालक शिवशंकर वर्मा के अनुसार शाम को स्कूल बंद कर चौकीदार को जिम्मेदारी सौंप दी गई थी, लेकिन सुबह स्कूल पहुंचे तो पूरा परिसर अस्त-व्यस्त मिला और कई कमरों के ताले टूटे हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि नगर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बावजूद अपराधियों में पुलिस का भय क्यों नहीं दिखाई दे रहा? आखिर रातभर ताले टूटते रहे और चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते रात्रि में पुलिस गश्त को प्रभावी नहीं बनाया गया तो अपराधी और अधिक सक्रिय हो सकते हैं। नवागत थाना प्रभारी संतोषसिंह यादव के लिए यह घटना किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस इस चोरी का खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाती है या फिर यह मामला भी अन्य वारदातों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।




No comments:
Post a Comment