दिनदहाड़े लूट और छेड़छाड़ की वारदात का किया खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार
खरगौन// बलकवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी खलटाका पुलिस ने दिनदहाड़े हुई लूट और छेड़छाड़ की वारदात का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक विधि-विरुद्ध बालक शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मशरुका, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 21 मई 2026 को मराल कंपनी में कार्यरत एक महिला कर्मचारी अपने सहकर्मी के साथ बालसमुद लौट रही थी। ग्राम पानवा स्थित सात माता मंदिर के पास चार युवकों ने दोनों को रोककर मारपीट की और महिला के साथ अश्लील हरकत की। आरोपियों ने महिला का मोबाइल छीनकर खाते से 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए तथा मंगलसूत्र, सोने की बालियां, नाक का काटा, एटीएम कार्ड और दोनों के मोबाइल फोन लूट लिए।
मामले में चौकी खलटाका थाना बलकवाड़ा में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम पानवा निवासी अरुण मेवाड़े, दीपक मेवाड़े, अजय मेवाड़े और एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों से करीब 90 हजार रुपये का लूटा गया मशरुका बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


No comments:
Post a Comment