वेतन के बदले वसूली 2 हजार की रिश्वत लेते ही BEO रंगे हाथों गिरफ्तार लोकायुक्त की कार्यवाही
खरगोन/झिरन्या। लोकायुक्त इंदौर की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए झिरन्या ब्लॉक के बीईओ प्रभात परमार्थी को 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी ने एक अतिथि शिक्षक के वेतन अनुमोदन के बदले यह रकम मांगी थी।
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता सुभाष बर्डे निवासी अनकवाड़ी (पोस्ट बिस्टान, तहसील भगवानपुरा) ने लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय को आवेदन देकर बताया था कि उनकी पत्नी सेवंती बर्डे, शासकीय प्राथमिक विद्यालय में अतिथि शिक्षक हैं। नवंबर 2025 का वेतन लंबित था, जिसे जारी कराने के लिए बीईओ प्रभात परमार्थी ने 2 हजार रुपये की मांग की।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद 25 अप्रैल 2026 को लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने झिरन्या के ज्योति नगर स्थित अपने घर पर रिश्वत की राशि ली, टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा।
यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश पर की गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान के नेतृत्व में आरक्षक आशीष शुक्ला, रामेश्वर निगवाल, चंद्रमोहन बिष्ट, अनिल परमार और आशीष आर्य की टीम शामिल रही।
⚠️ लोकायुक्त की अपील:
अगर कोई अधिकारी रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत लोकायुक्त को शिकायत करें—आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


No comments:
Post a Comment