युद्ध के बीच इंसानियत की मिसाल: दुबई में फंसे भारतीयों के लिए उद्योगपति ने खोला फार्महाउस
दुबई में फंसे 250 से ज्यादा भारतीयों के लिए मसीहा बने उद्योगपति धीरज जैन, निजी फार्महाउस खोलकर दी मुफ्त पनाह
एक फोन कॉल से शुरू हुई मदद की पहल, निजी वाहनों से फार्महाउस पहुंचाए जा रहे लोग; 500 लोगों तक के ठहरने की व्यवस्था
दुबई। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण खाड़ी देशों में हवाई सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। कई फ्लाइट्स अचानक रद्द होने से बड़ी संख्या में भारतीय दुबई और आसपास के क्षेत्रों में फंस गए हैं। ऐसे कठिन समय में उद्योगपति धीरज जैन ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए दुबई में अपने निजी फार्महाउस के दरवाजे भारतीयों के लिए खोल दिए हैं।
धीरज जैन ने फंसे हुए भारतीयों को निजी वाहनों के माध्यम से अजमानी स्थित अपने फार्महाउस तक पहुंचवाया और वहां उनके रहने, खाने-पीने तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की निशुल्क व्यवस्था की है। वर्तमान में फार्महाउस पर करीब 250 भारतीय ठहरे हुए हैं, जबकि जरूरत पड़ने पर 500 लोगों तक के ठहरने की तैयारी कर ली गई है।
टीम, दोस्त और परिवार भी सेवा में जुटे
इस पूरी व्यवस्था को संभालने में धीरज जैन की ऑफिस टीम, दोस्त और रिश्तेदार भी उनके साथ लगातार जुटे हुए हैं। उनकी पत्नी ममता जैन, 14 वर्षीय बेटे जैमन और 11 वर्षीय बेटी जीविका भी पिछले तीन दिनों से फार्महाउस पर रहकर लोगों की सेवा में लगे हैं। भारत में वे “जैनम जीविका फाउंडेशन” के माध्यम से सामाजिक कार्य भी करते हैं।
कुछ ही घंटों में आने लगे सैकड़ों कॉल
जैसे ही फार्महाउस में व्यवस्था की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा हुई, कुछ ही घंटों में सैकड़ों कॉल और संदेश आने लगे। कई लोगों ने बताया कि उनकी फ्लाइट्स रद्द हो चुकी हैं और होटलों में भी कमरे उपलब्ध नहीं हैं। इसके बाद जैन और उनकी टीम ने तुरंत फार्महाउस पर तैयारियां शुरू कर दीं।
फार्महाउस पर पहले से लगभग 100 गद्दे उपलब्ध थे, लेकिन बढ़ती जरूरत को देखते हुए 400 और गद्दे तुरंत मंगवाए गए। परिसर में टेंट लगाए गए और बड़ी संख्या में लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई।
10 दिनों के लिए राशन का इंतजाम
फार्महाउस पर संभावित भीड़ को देखते हुए 500 लोगों के लिए 10 दिनों का राशन मंगवाया गया है, जो लगभग 5000 लोगों के भोजन के बराबर है। पहले दिन करीब 75 लोग फार्महाउस पहुंचे थे, दूसरे दिन यह संख्या बढ़कर लगभग 180 हो गई और अब यहां करीब 250 भारतीय रह रहे हैं।
11 वर्षों से दुबई में रह रहे हैं धीरज जैन
धीरज जैन पिछले 11 वर्षों से दुबई में रह रहे हैं और 1 एक्सल होल्डिंग्स दुबई के चेयरमैन हैं। उनका मुख्य व्यवसाय रियल एस्टेट डेवलपमेंट से जुड़ा है और इसके साथ ही वे एक वेंचर स्टूडियो भी संचालित करते हैं।
धीरज जैन ने बताया कि जब उन्हें युद्ध जैसी स्थिति और लगातार फ्लाइट्स रद्द होने की जानकारी मिली तो स्थिति की गंभीरता का एहसास हुआ। इसी दौरान एक व्यक्ति का फोन आया जिसने बताया कि उसकी फ्लाइट कैंसिल हो गई है और होटल में भी कोई कमरा उपलब्ध नहीं है। यह सुनकर उन्होंने तुरंत फैसला लिया कि दुबई में फंसे भारतीयों के लिए रहने की व्यवस्था की जानी चाहिए। इसके बाद उन्होंने अपना फार्महाउस जरूरतमंद भारतीयों के लिए खोल दिया।




No comments:
Post a Comment