सिरसोदिया में बवाल: अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पत्थरों की बारिश, तहसीलदार की गाड़ी फूटी – टीआई घायल
धामनोद के सिरसोदिया में जमीन विवाद ने लिया उग्र रूप, हालात संभालने भारी पुलिस बल तैनात
धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसोदिया में जमीन विवाद एक बार फिर उग्र हो गया। शनिवार सुबह करीब 10 बजे प्रशासनिक टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए गांव पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने प्रशासनिक टीम पर पथराव कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पथराव के दौरान धामनोद थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे सहित एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गईं। वहीं तहसीलदार की सरकारी गाड़ी के कांच भी तोड़ दिए गए। घटना के चलते कुछ समय के लिए फोरलेन हाईवे पर भी यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही प्रशासन ने आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। मौके पर मनावर एसडीएम भी पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि ग्राम सिरसोदिया में अतिक्रमण को लेकर विवाद काफी समय से चला आ रहा है। यह मामला धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर और ग्रामीणों के बीच जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पहले भी इस विवाद को लेकर मारपीट और आरोप-प्रत्यारोप की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
पथराव में घायल थाना प्रभारी को उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है
।


No comments:
Post a Comment