ठगी का पर्दाफाश: ‘धन दोगुना’ का झांसा देकर बुजुर्ग से सोने की पांचाली ठगी, दो भिक्षुक वेशधारी गिरफ्तार
खरगोन। जिले के बेड़ियां थाना क्षेत्र में धार्मिक आस्था का फायदा उठाकर ठगी करने वाले दो भिक्षुक वेशधारी आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार शाम गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि दोनों ने 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला को गहने दोगुना करने का झांसा देकर उसकी सोने की पांचाली ठग ली थी।
घटना 14 फरवरी को डालिया खेड़ी गांव में हुई। पीड़िता के अनुसार, दो व्यक्ति फकीर के वेश में भिक्षा मांगने उसके घर आए। इस दौरान उन्होंने महिला के गले में पहनी सोने की पांचाली देखी और कथित धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर उसे डिब्बे में रखकर दोगुना करने का लालच दिया। महिला ने विश्वास कर पांचाली स्टील के डिब्बे में रख दी। जैसे ही वह पूजा के लिए कुमकुम लेने अंदर गई, दोनों आरोपी डिब्बा लेकर फरार हो गए। बाद में डिब्बा खोलने पर उसमें नकली चैन और लॉकेट मिला।
मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) व 3(5) बी के तहत प्रकरण दर्ज किया। थाना प्रभारी रामेश्वर ठाकुर ने बताया कि संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान खामखेड़ा निवासी कालू पिता लखन नाथ और कमल पिता दिनेश नाथ के रूप में हुई। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों ने अपराध कबूल कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर करीब 90 हजार रुपये मूल्य की सोने की पांचाली बरामद कर ली गई है। पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है


No comments:
Post a Comment