धामनोद पुलिस ने अंधे कत्ल का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
धामनोद। थाना धामनोद क्षेत्र में 31 दिसंबर 2025 को एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने की सूचना पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस अंधे कत्ल के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की। मौके से भौतिक साक्ष्य एकत्रित कर जब्त किए गए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामनोद भेजा गया। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी और मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर करीब 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।
मामला प्रथम दृष्टया अंधे कत्ल का प्रतीत होने पर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक अवस्थी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजय डावर के निर्देशन तथा एसडीओपी मोनिका सिंह के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुजावल जग्गा और थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की।
गहन जांच के बाद पुलिस ने सावन पिता जगदीश पटेल (22) निवासी नाईसेरी बस स्टैंड के पास, धामनोद तथा कृष्णा पिता शुभम स्वामी (19) निवासी मंगल नगर लालवाड़ी मोहल्ला, धामनोद को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार किया। आरोपियों ने अज्ञात व्यक्ति को चोर बताकर मोटरसाइकिल पर बैठाया और गुलझरी गांव के पास ले जाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
इस अंधे कत्ल के खुलासे में नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुजावल जग्गा, थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे, उपनिरीक्षक जयकिशन रायकवार, उपनिरीक्षक राहुल चौहान तथा आरक्षक मनीष राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


No comments:
Post a Comment