खलघाट में नाबालिग छात्रा के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर 10 हजार की मांग
धामनोद (जिला धार) – खलघाट थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर फोटो अपलोड करने और 10 हजार रुपये की मांग करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़िता, जो कक्षा 9वीं की छात्रा है, ने बताया कि 19 फरवरी 2026 की सुबह करीब 9 बजे उसके भाई पियूष और पवन ने उसे जानकारी दी कि उसके नाम से नाबालिक लड़की की इंस्टाग्राम आईडी बनाई गई है, जबकि उसने कभी इंस्टाग्राम अकाउंट नहीं बनाया और वह सोशल मीडिया का उपयोग भी नहीं करती।
बताया गया कि उक्त फर्जी आईडी से किसी अज्ञात लड़का-लड़की की चैट का वीडियो बनाकर अपलोड किया गया था। इसके बाद पीड़िता के भाई ने संबंधित व्यक्ति की दूसरी इंस्टाग्राम आईडी n_radhe_radhe पर मैसेज कर फर्जी आईडी और पोस्ट हटाने की बात कही।
आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने पोस्ट और आईडी डिलीट करने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की। साथ ही इंस्टाग्राम मैसेज के जरिए दो बार कोड भी भेजे गए, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि अकाउंट हैक करने या ब्लैकमेल की कोशिश की गई।
परिजनों ने आरोपी की तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर स्क्रीनशॉट के प्रिंट लेकर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
👉 पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी और फोटो साझा करते समय सावधानी बरतें तथा किसी भी प्रकार की ब्लैकमेलिंग या फर्जी आईडी की सूचना तुरंत नजदीकी थाने में दें।


No comments:
Post a Comment