धामनोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: काकड़ों की आड़ में लाखों की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त
धामनोद में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नए एसपी सुनील शर्मा के निर्देशन में पुलिस ने काकड़ों की आड़ में हो रही लाखों रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे खलघाट टोल प्लाजा के समीप पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर शराब से भरे ट्रक को पकड़ा। कार्रवाई धामनोद पुलिस और यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदौर से सेंधवा की ओर जा रहे वाहन क्रमांक GJ 01 DT 8283 में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और ट्रक का पीछा शुरू किया।
खलघाट टोल प्लाजा पर घेराबंदी कर ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक में काकड़ों के नीचे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाने पहुंचाया।
फिलहाल पुलिस ट्रक चालक से पूछताछ कर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। मुखबिर की सूचना पर हुई इस कार्रवाई से तस्करों के मंसूबों पर पानी फिर गया है।


No comments:
Post a Comment