आरटीओ की बड़ी लापरवाही उजागर: बरुड़ फाटे पर यात्री बस का टायर फटा, पेड़ से टकराई; 3 घायल
दिग्विजय सिंह की रिपोर्ट
खरगोन जिले में एक बार फिर परिवहन विभाग और आरटीओ की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बड़वानी से खरगोन आ रही एक यात्री बस बरुड़ फाटे के पास हादसे का शिकार हो गई। बस का अचानक टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के समय बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार थे। दुर्घटना में 3 यात्री घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से निजी वाहन द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुई बस क्रमांक MP 10 P 1477 बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों का कहना है कि बस ओवरलोड थी और उसकी हालत भी पहले से खराब नजर आ रही थी। यात्रियों ने आरोप लगाया कि ऐसी खटारा बसों को बिना जांच सड़कों पर दौड़ाया जा रहा है, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
एक महिला यात्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि बस की स्थिति पहले से खराब थी, बावजूद इसके उसे संचालन की अनुमति दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर आरटीओ विभाग ओवरलोड और जर्जर वाहनों पर कार्रवाई क्यों नहीं करता।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि हादसा और बड़ा नहीं हुआ।
इस घटना ने एक बार फिर जिले की परिवहन व्यवस्था और आरटीओ विभाग की निगरानी व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि यात्री वाहनों की नियमित जांच की जाए और ओवरलोड एवं जर्जर बसों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।


No comments:
Post a Comment