योगा एरोबिक्स ग्रुप में उत्साह के साथ मनाया गया बैसाखी पर्व
धामनोद// नगर में योगा एरोबिक्स ग्रुप द्वारा खालसा पंथ की स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाने वाला बैसाखी पर्व बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने स्पेशल भांगड़ा एरोबिक्स कर पर्व की खुशियों को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान शबद कीर्तन एवं पाठ का आयोजन किया गया, जिसके पश्चात प्रसाद वितरण किया गया। आयोजकों ने बताया कि सिखों के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह जी द्वारा इसी दिन अमृत पान कराकर खालसा पंथ की स्थापना की गई थी, जिससे सिख समुदाय को एक विशिष्ट पहचान मिली।
बैसाखी का पर्व जहां धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, वहीं कृषि के दृष्टिकोण से भी खास माना जाता है। पंजाब में इसी दिन से गेहूं की कटाई प्रारंभ होती है और किसान लहलहाती फसलों की खुशी में इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं।
इस अवसर पर स्थानीय गुरुद्वारे में निशान साहिब की सेवा, शबद कीर्तन एवं गुरु का अटूट लंगर भी सभी श्रद्धालुओं के लिए आयोजित किया गया। कार्यक्रम की जानकारी ग्रुप संचालक सोनू गांधी द्वारा दी गई।


No comments:
Post a Comment