इंजेक्शन के बाद छात्रा की मौत, परिजनों ने निजी डॉक्टर पर लगाए गंभीर आरोप
खरगोन जिले के बिस्टान थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय छात्रा आयुषी पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने निजी क्लिनिक संचालक डॉक्टर पर गलत इलाज का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, आयुषी को सर्दी और खांसी की शिकायत के चलते परिजन इलाज के लिए बिस्टान स्थित एक निजी क्लिनिक लेकर गए थे। आरोप है कि वहां मौजूद डॉक्टर पी.सी. गुप्ता ने छात्रा को इंजेक्शन और सलाइन चढ़ाई, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों के मुताबिक, इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद आयुषी को घबराहट होने लगी और हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने बिस्टान थाने में डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
मृतक छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया है, जहां पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
बताया जा रहा है कि आयुषी ने एक दिन पहले ही कक्षा 9वीं की परीक्षा पास की थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment