📰 संदिग्ध मौत बनी हत्या, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली साजिश की परत
धामनोद//धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध महिला मृत्यु का मामला अब हत्या में बदल गया है। 35 वर्षीय महिला मंजू पाटीदार, निवासी एबी रोड एमपीईबी ऑफिस के पास, की प्रारंभिक सूचना फांसी लगाकर आत्महत्या की दी गई थी। इसी आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी, लेकिन जांच के दौरान सामने आए तथ्यों ने पूरे मामले की दिशा बदल दी।
धामनोद पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण, शव पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद कई अहम बातें सामने आईं। मृतिका मंजू अपने बेडरूम के पलंग पर चित्त अवस्था में चोटग्रस्त हालत में मिली थी। मौके पर मौजूद किसी भी व्यक्ति ने उसे फांसी के फंदे पर लटका हुआ नहीं देखा था।
जांच में यह भी सामने आया कि कमरे में लगे पंखे पर धूल जमी हुई थी और उस पर किसी प्रकार के फंदे के निशान नहीं थे। वहीं कमरे में साड़ी, रस्सी या किसी अन्य लिगेचर सामग्री का भी अभाव पाया गया। इन परिस्थितियों ने आत्महत्या की संभावना को कमजोर कर दिया।
मामले में सबसे बड़ा खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल ऑफिसर की क्वेरी रिपोर्ट में हुआ। रिपोर्ट के अनुसार महिला के गले पर पाए गए निशान क्षैतिज (horizontal) और लगभग पूर्ण (near complete) थे, जो सामान्यतः आत्महत्या के मामलों में नहीं पाए जाते। डॉक्टरों ने इन चोटों को संभावित रूप से होमोसाइडल यानी हत्या की प्रकृति का बताया है।
इन सभी साक्ष्यों के आधार पर धामनोद पुलिस ने 27 मार्च की देर रात मर्ग जांच के बाद मामला हत्या का मानते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
यह घटना क्षेत्र में सनसनी का विषय बनी हुई है, वहीं पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


No comments:
Post a Comment