एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक बेचने का खुलासा, खाद्य विभाग की कार्रवाई केडिया फूड्स से 8 एक्सपायरी बोतलें जब्त, दुकान सील करने की मांग तेज
धार जिले के धामनोद क्षेत्र में एक दुकान पर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक बेचने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। उपभोक्ता की शिकायत के बाद खाद्य विभाग ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और एक्सपायरी पेय पदार्थ जब्त किए।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी किशन लाल जागिड़ ने 22 मार्च 2026 को दोपहर करीब 1 बजे केडिया फूड्स से 2.15 लीटर की थम्सअप बोतल ₹100 में खरीदी थी। भुगतान ऑनलाइन किया गया। घर पहुंचकर जांच करने पर बोतल एक्सपायरी निकली, जिसे उपभोग नहीं किया गया।
इसके बाद शाम करीब 4 बजे उन्होंने उसी दुकान से स्प्राइट और थम्सअप की छोटी बोतलें दोबारा खरीदीं। इनमें से एक बोतल खोलने पर वह भी एक्सपायरी पाई गई। इस पर ग्राहक ने दुकान पर आपत्ति जताई और एक बोतल वापस कर दी, जिसके बदले दुकानदार ने नकद राशि लौटा दी। ग्राहक के पास एक्सपायरी बोतलें साक्ष्य के रूप में मौजूद रहीं।
मामले की शिकायत खाद्य सुरक्षा अधिकारी निर्मला को दी गई। शिकायत के बाद सोमवार को खाद्य विभाग की टीम ने केडिया फूड्स पर जांच की। जांच के दौरान कुल 8 एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक बोतलें बरामद हुईं, जिनमें बड़ी और छोटी दोनों प्रकार की बोतलें शामिल थीं। अधिकारियों ने मौके पर सैंपल लेकर जब्ती की कार्रवाई की और पंचनामा तैयार किया।
कार्रवाई के बाद क्षेत्र में उपभोक्ता सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित न रहकर संबंधित दुकान का फूड लाइसेंस निरस्त किया जाए और दुकान को सील कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।


No comments:
Post a Comment