धामनोद नगर फागोत्सव की धूम: प्रेम, रंग और भक्ति में सराबोर हुआ व्यंकटेश बालाजी मंदिर
धामनोद में फाग उत्सव यानी प्रेम और आनंद का पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। श्री व्यंकटेश बालाजी मंदिर में माहेश्वरी महिला एवं सखी मंडली द्वारा भव्य फागोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें मंदिर परिसर रंग-गुलाल और भक्ति गीतों से गूंज उठा।
माहेश्वरी महिला मंडल की सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह बसंत पंचमी के बाद फाल्गुन माह की शुरुआत होते ही श्रीकृष्ण भक्ति का विशेष माहौल बन जाता है। फाल्गुन का महीना भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित माना जाता है और इसी महीने होली का पर्व धूमधाम से मनाया जाता है। मान्यता है कि श्रीकृष्ण ने फाल्गुन मास में राधा और गोपियों के साथ होली खेलकर रासलीला रची थी, तभी से फाग महोत्सव की परंपरा चली आ रही है।
इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए महिला भजन मंडली ने भक्ति गीतों के साथ फाग उत्सव मनाया। इस अवसर पर धामनोद की खाटू श्याम यात्रा भी बालाजी मंदिर पहुंची, जहां फूलों और रंगों से विशेष फाग उत्सव मनाया गया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से होली खेली।
महिला मंडल की सदस्याओं ने बताया कि बरसाना, वृंदावन और मथुरा की तरह ही यहां भी श्रीकृष्ण की रासलीला और होली की परंपरा को जीवंत रखा गया। व्यंकटेश बालाजी के समक्ष महिलाओं ने जमकर गुलाल उड़ाया और भजनों पर नृत्य कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
बालाजी मंदिर में वर्षभर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होते रहते हैं और उसी कड़ी में यह फाग महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। पूरा मंदिर परिसर रंगों, फूलों और भक्ति रस से सराबोर नजर आया।



No comments:
Post a Comment