महाशिवरात्रि को लेकर प्रशासन सतर्क, एडिशनल एसपी ने किया बेट टापू का निरीक्षण
धरमपुरी//(नरेंद्र चौहान )धार जिले के धरमपुरी में महाशिवरात्रि पर्व के दौरान निकलने वाली भव्य राजसी सवारी एवं तीन दिवसीय मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में एडिशनल एसपी विजय डावर ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्राचीन बेट टापू का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नर्मदा नदी की दो धाराओं के बीच स्थित स्वयंभू भगवान बिल्वामृतेंश्वर महादेव मंदिर में 14 फरवरी को भव्य राजसी सवारी निकाली जाएगी, जबकि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व का विशाल मेला आयोजित होगा। तीन दिवसीय आयोजन में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
महाशिवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नर्मदा नदी तट पर स्नान घाटों की व्यवस्था, मंदिर परिसर की साफ-सफाई, दर्शन व्यवस्था, नाव संचालन, पुलिस सुरक्षा तथा सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान एडिशनल एसपी विजय डावर ने भगवान बिल्वामृतेंश्वर महादेव का पूजन-अर्चन कर दर्शन लाभ लिया। इस अवसर पर एसडीओपी बृजेश मालवीय, थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव, नगर परिषद सीएमओ बलराम भूरे सहित नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment