होली-रंगपंचमी को लेकर धामनोद थाना परिसर में शांति समिति की बैठक
धामनोद। आगामी होली एवं रंगपंचमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से धामनोद थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में होली दहन स्थल की व्यवस्थाओं, डीजे संचालन की समय-सीमा, जुलूस मार्ग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, असामाजिक तत्वों पर निगरानी तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों को लेकर विशेष चर्चा की गई। एसडीओपी मोनिका सिंह एव थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाजजनों से अपील की गई कि वे आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए पर्व मनाएं तथा किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
प्रशासन द्वारा संवेदनशील स्थानों पर विशेष पुलिस बल तैनात करने एवं लगातार गश्त बढ़ाने का भी आश्वासन दिया गया।
धामनोद पुलिस ने नागरिकों से शांति, सद्भाव एवं सहयोग बनाए रखने की अपील की है ताकि त्योहार हर्षोल्लास और सौहार्द के साथ संपन्न हो सके।


No comments:
Post a Comment