नगर मै सियासी भूचाल… धामनोद नगर परिषद के अध्यक्ष प्रतिनिधि पर एससी/एसटी एक्ट में मामला दर्ज
नगर परिषद में जातिसूचक विवाद पर बड़ा एक्शन… सफाई संरक्षक से अभद्रता व धमकी का आरोप, कर्मचारियों के आंदोलन के बाद धामनोद थाने में एफआईआर
धामनोद// धार जिले के धामनोद नगर परिषद में जातिसूचक टिप्पणी और धमकी के आरोपों से जुड़ा विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। नगर परिषद की स्वच्छता शाखा में पदस्थ सफाई संरक्षक मनोज मेवाती की शिकायत पर अध्यक्ष प्रतिनिधि विष्णु पिता शोभाराम पाटीदार के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत के अनुसार 16 जनवरी 2026 की शाम नगर के 11 नंबर टंकी के पास सार्वजनिक स्थान पर अध्यक्ष प्रतिनिधि ने अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित कर्मचारी के साथ कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया तथा नौकरी से निकालने की धमकी दी। घटना के समय अन्य कर्मचारी भी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव का प्रयास किया। मामले से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी जांच में सामने आने की बात कही जा रही है।
प्रारंभ में एफआईआर दर्ज नहीं होने से कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। 17 फरवरी को स्वच्छता कर्मचारियों ने सामूहिक अवकाश लेकर कार्य बंद किया और थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों द्वारा कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक धार सहित संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा गया।
लगातार विरोध और आंदोलन की चेतावनी के बाद 22 फरवरी को थाना धामनोद में अध्यक्ष प्रतिनिधि विष्णु पाटीदार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए), 351(2) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध) और 3(2)(va) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
एफआईआर दर्ज होने के बाद नगर में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। कर्मचारी संगठनों ने इसे न्याय की दिशा में अहम कदम बताया है। वहीं अब पूरे मामले की नजर पुलिस विवेचना और आगामी कानूनी प्रक्रिया पर टिकी हुई है।



No comments:
Post a Comment