10 हजार की डील पड़ी भारी, लेखा अधिकारी पहुंचा सलाखों के पीछे भगवानपुरा जनपद में घूसकांड! लोकायुक्त की कार्रवाई से मचा हड़कंप
खरगोन | दिग्विजय सिंह पटेल की रिपोर्ट
खरगोन// जिले की जनपद पंचायत भगवानपुरा में पदस्थ लेखा अधिकारी को मध्य प्रदेश लोकायुक्त संगठन की टीम ने बुधवार रात करीब 10 बजे 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
कार्रवाई खरगोन में की गई, जहां आरोपी लेखा अधिकारी महेंद्र सिंह चौहान को ट्रैप कर पकड़ा गया।
फाइल स्वीकृति के बदले मांगी थी कमीशन
लोकायुक्त टीम का नेतृत्व उपपुलिस अधीक्षक सुनील तालान ने किया। जानकारी के अनुसार, आवेदक राजेश पंवार, निवासी बिस्टान, लेबर रेट पर ठेकेदारी कार्य करते हैं और हाल ही में स्वतंत्र कार्य शुरू किया था।
ग्राम पंचायत हीरापुर में लगभग 10 लाख रुपये लागत की सीसी रोड और चेक डैम निर्माण फाइल को स्वीकृत करने के बदले आरोपी ने कमीशन की मांग की थी। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले ही 10 हजार रुपये ले चुका था।
सत्यापन के दौरान फिर मांगे 10 हजार
शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी ने ग्राम पंचायत अंबाह की दो नई फाइलों को स्वीकृत करने के बदले अतिरिक्त 10 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, लोकायुक्त इंदौर राजेश सहाय के मार्गदर्शन में ट्रैप की योजना बनाई गई।
26 फरवरी को जैसे ही आवेदक ने रिश्वत की राशि सौंपी, लोकायुक्त टीम ने आरोपी को विश्रामगृह परिसर में रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई देर रात तक चली।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में केस दर्ज
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई जारी है।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।


No comments:
Post a Comment