महिला सशक्तिकरण को लेकर छात्राओं का धामनोद थाना भ्रमण महिला सशक्तिकरण पर बनाया प्रोजेक्ट
धामनोद//एनएपी एजुकेशन के सहयोग से फील्ड प्रोजेक्ट एजुकेशन द्वारा महिला सशक्तिकरण पर आधारित एक विशेष फील्ड प्रोजेक्ट का आयोजन किया गया। इस परियोजना के अंतर्गत छात्राओं ने धामनोद थाना पहुँचकर कानून, सुरक्षा और महिला अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
धामनोद थाने में थाना प्रभारी द्वारा छात्राओं को महिला सुरक्षा कानूनों, महिला हेल्पलाइन नंबरों, घरेलू हिंसा एवं साइबर अपराध से बचाव के उपायों के साथ-साथ आत्मरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन बिंदुओं पर भी प्रकाश डाला गया, जो सामान्यतः जानकारी में छूट जाते हैं।
इस अवसर पर थाना प्रभारी ठाकरे ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों और कानून की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे किसी भी परिस्थिति का सामना सशक्त रूप से कर सकती हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अपने सवाल भी रखे, जिनका उत्तर पुलिस प्रशासन द्वारा सरल एवं स्पष्ट भाषा में दिया गया। इस संवादात्मक सत्र से छात्राओं में जागरूकता के साथ आत्मविश्वास में भी सकारात्मक वृद्धि देखने को मिली।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह फील्ड प्रोजेक्ट न केवल शिक्षा को व्यवहारिक स्वरूप प्रदान कर रहा है, बल्कि छात्राओं को सुरक्षित, जागरूक और सशक्त भविष्य की ओर अग्रसर कर रहा है।


No comments:
Post a Comment