मुख्य मार्ग बना पार्किंग, जनता परेशान; सीवरेज की लापरवाही से रोज लग रहा जाम न्यायाधीश के संज्ञान के बाद भी नहीं है सुधार
धामनोद। नगर में सीवरेज परियोजना का कार्य आमजन के लिए लगातार परेशानी का कारण बना हुआ है। पहले वार्डों में खुदाई के चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा, वहीं अब मुख्य मार्ग पर मरम्मत कार्य के नाम पर यातायात प्रभावित हो रहा है।
श्रीराम चौक पर पिछले तीन दिनों से सीवरेज चैंबर की मरम्मत के कारण सड़क का एक हिस्सा बंद कर दिया गया है। इससे मुख्य मार्ग संकरा हो गया है और वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। स्थिति यह है कि दिनभर जाम लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार मुख्य मार्ग पार्किंग स्थल जैसा नजर आता है, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व सीवरेज कार्य में बरती जा रही लापरवाही को लेकर धरमपुरी के न्यायाधीश श्री विवेक जैन ने भी संज्ञान लिया था। इसके बावजूद ठेकेदार की कार्यप्रणाली में कोई विशेष सुधार देखने को नहीं मिला है।
नगरवासियों का कहना है कि यदि समय पर और व्यवस्थित ढंग से कार्य पूरा किया जाए तो उन्हें रोजाना जाम और अव्यवस्था का सामना नहीं करना पड़े। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सीवरेज कार्य में तेजी लाकर मुख्य मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।


No comments:
Post a Comment