सरकारी योजना की लाखों रुपए पन्नी पर डाला डाका, दो आरोपी सलाखों के पीछे धामनोद पुलिस की बड़ी कार्यवाही
खेत के तालाब की प्लास्टिक पन्नी चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, ₹2.20 लाख का मशरूका बरामद
धामनोद (धार), 14 जुलाई। धामनोद पुलिस ने खेत पर बने सिंचाई तालाबों में बिछाई गई प्लास्टिक पन्नी चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख 20 हजार रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार फरियादी अनवराम बिल्लोरे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि शासन की योजना के तहत उसके तथा पड़ोसी मुकेश भाभर के खेतों में सिंचाई के लिए तालाब बनाए गए थे, जिनमें TEXEL 7 LAYERS कंपनी की प्लास्टिक पन्नी बिछाई गई थी। 10 जुलाई तक पन्नी सुरक्षित थी, लेकिन 11 जुलाई की सुबह अज्ञात बदमाश दोनों तालाबों से प्लास्टिक पन्नी काटकर चोरी कर ले गए। शिकायत पर धामनोद थाने में अपराध क्रमांक 329/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं एसडीओपी मोनिका सिंह के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धर्मेंद्र पिता लक्ष्मण डिंडोर (26), निवासी तालाबपुरा सिमराली तथा मुकेश पिता मोहन गिरवाल (38), निवासी करौलीकिराय, थाना मानपुर को गिरफ्तार किया।
आरोपियों से चोरी गई TEXEL 7 LAYERS कंपनी की प्लास्टिक पन्नी (कीमत लगभग ₹1.20 लाख) तथा घटना में प्रयुक्त टाटा मैजिक वाहन (क्रमांक MP41R0963) (कीमत लगभग ₹1 लाख) जब्त किया गया। कुल बरामद मशरूका की कीमत ₹2.20 लाख बताई गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


No comments:
Post a Comment