पोस्टिंग के नाम पर 4 लाख की रिश्वत! धामनोद बायपास पर असिस्टेंट प्रोफेसर लोकायुक्त के जाल में फंसा
*मंडलेश्वर कॉलेज का असिस्टेंट प्रोफेसर रिश्वत लेते ट्रैप,आवेदक की पत्नी की पोस्टिंग धार कराने के बदले मांगे थे 4 लाख, धामनोद बायपास स्थित ढाबे पर लोकायुक्त का जाल।*
*इंदौर लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: मंडलेश्वर के सहायक प्राध्यापक आत्माराम सोलंकी 50 हजार की किश्त लेते गिरफ्तार, धारा-7 में केस दर्ज*
*धामनोद//रिपोर्टर दिव्येश सिंघल*
धामनोद/// इंदौर लोकायुक्त की टीम ने, भ्रष्टाचार के खिलाफ, बड़ी कार्रवाई करते हुए खरगोन जिले के मंडलेश्वर शासकीय महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक आत्माराम सोलंकी पिता सिरदार सोलंकी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया है। आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर आत्माराम सोलंकी पर आरोप है कि, उसने इंदौर के मानपुर निवासी मनोज वास्केल की पत्नी उर्मिला वास्केल की पोस्टिंग दलौदा, मंदसौर से धार कॉलेज में कराने के एवज में, 4 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी।
महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश पर , यह ट्रैप किया गया।
शिकायतकर्ता मनोज वास्केल ने, एसपी लोकायुक्त इंदौर राजेश सहाय को बताया कि , उनकी पत्नी का चयन पीएससी से सहायक प्राध्यापक के पद पर हुआ था। पोस्टिंग धार कॉलेज में हुई तभी से आरोपी आत्माराम सोलंकी लगातार फोन कर 4 लाख की मांग कर रहा था। आरोपी का दावा था कि, उसने ही पोस्टिंग धार करवाई है, जो मानपुर से नजदीक है। शिकायत के अनुसार, आरोपी पहले ही 1 लाख रुपये ले चुका था और 3 लाख और मांग रहा हे।
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त ने ट्रैप दल गठित किया। 27 मई 2026 को आरोपी ने, रिश्वत की अगली किश्त के 50 हजार रुपये लेने के लिए आवेदक को धामनोद बाईपास स्थित ढाबे पर बुलाया। पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने जैसे ही आरोपी ने , आवेदक से 50 हजार रुपये लिए, उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी आत्माराम सोलंकी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल खलघाट रेस्ट हाउस में आगे की कार्रवाई जारी है।
ट्रैप दल में उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान, कार्यवाहक प्रआर विवेक मिश्रा, आरक्षक विजय कुमार, कमलेश परिहार, रामेश्वर निगवाल, आशीष नायडू और प्रभात मोरे शामिल थे। लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि, यदि कोई अधिकारी-कर्मचारी रिश्वत मांगे तो इंदौर लोकायुक्त कार्यालय या दूरभाष पर संपर्क करें।


No comments:
Post a Comment