युवा सुरक्षित तो सड़क सुरक्षित—धामनोद कॉलेज में आरटीओ शिविर सफल
धामनोद//सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय धामनोद में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ), जिला धार द्वारा विशेष लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना एवं सुरक्षित ड्राइविंग की संस्कृति को बढ़ावा देना रहा।
शिविर के दौरान महाविद्यालय के कुल 63 विद्यार्थियों के लर्निंग लाइसेंस बनाए गए, जिनमें 32 छात्र एवं 31 छात्राएं शामिल रहीं। विद्यार्थियों को लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया, नियमों तथा आगे स्थायी (पक्का) ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि लर्निंग लाइसेंस प्राप्त करने वाले विद्यार्थी एक माह बाद एवं छह माह के भीतर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय धार में उपस्थित होकर स्थायी लाइसेंस बनवा सकते हैं।
इस अवसर पर आरटीओ की प्रतिनिधि सुश्री खुशी पारिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। साथ ही गलत दिशा में वाहन न चलाने, तेज गति से बचने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने का संदेश दिया।
शिविर में आरटीओ जिला धार से श्री मधुकर सिसोदिया, सुश्री खुशी पारिया, सुश्री दीप नंदनी बघेल, श्री प्रदीप सोलंकी एवं श्री प्रदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती वीणा बरडे, समस्त स्टाफ, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के छात्र-छात्राएं एवं श्री पलाश अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। विद्यार्थियों ने शिविर को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।


No comments:
Post a Comment