खलघाट//आस्था, भक्ति और सेवा का संगम बना नर्मदा जन्मोत्सव, श्रद्धा से भरा हर घाट
माँ नर्मदा के जयघोष से गूंज उठा पावन तटकतारबद्ध श्रद्धालुओं ने की माँ नर्मदा की पूजा अर्चना समाजसेवियों ने लगाए प्रसादी एवं सेवा स्टॉल
खलघाट//रविवार को माँ नर्मदा के जन्मोत्सव के अवसर पर खलघाट में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। सुबह तड़के से ही दूर-दराज़ के सैकड़ों श्रद्धालु अपने-अपने वाहनों से माँ नर्मदा के पावन तट पर पहुँचे।
श्रद्धालुओं ने माँ नर्मदा के शीतल जल में डुबकी लगाकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। घाट पर “जय माँ नर्मदा” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
भक्तों ने परिसर में बैठे साधु-संतों एवं भिक्षुओं को दान-पुण्य किया, वहीं माँ नर्मदा को चुनरी अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। दशहरा मैदान में चल रही नर्मदा पुराण कथा के अंतिम दिन यज्ञ आहुति के साथ कन्या भोज एवं भंडारे की शुरुआत की गई।
जैसे-जैसे सूर्य देव की किरणें तेज़ होती गईं, वैसे-वैसे घाट पर श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ती चली गई। कई समाजसेवियों द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा के लिए प्रसादी स्टॉल लगाए गए।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए थाना धामनोद की पुलिस द्वारा घाट क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।


No comments:
Post a Comment