मौत बनकर दौड़ा अनियंत्रित ट्राला, कार को पीछे से मारी भीषण टक्कर महिला गंभीर घायल ड्राइवर ने पी रखी थी शराब
इंदौर से शादी समारोह में सिंघाना जा रहा परिवार हादसे का शिकार, महिला कीर्ति महेश के सिर में गंभीर चोट; हाईवे की बनावट और भारी वाहनों की रफ्तार पर उठे सवाल
खलघाट। इंदौर-मुंबई नेशनल हाईवे पर खलघाट चौराहे से पहले बने टेपर पर एक बार फिर तेज रफ्तार भारी वाहनों का खतरा सामने आया है। यहां अनियंत्रित ट्राले ने पीछे से एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार परिवार के लोग घायल हो गए। कार में सवार परिवार इंदौर से सिंघाना में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। दुर्घटना में कीर्ति महेश के सिर में गंभीर चोट आई है।
प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, परिवार अपनी कार से सिंघाना की ओर जा रहा था। इसी दौरान खलघाट चौराहे से पहले हाईवे पर बने टेपर के पास पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्राले ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुई इस टक्कर से कार सवारों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दुकानदारों ने दिखाई इंसानियत, घायलों की तत्काल की मदद
हादसे के तुरंत बाद आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। उन्होंने घायलों को संभालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। कार चला रहे परिजन की सूझबूझ के चलते स्थिति और गंभीर होने से बच गई। परिजन तत्काल घायलों को धामनोद शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। कीर्ति महेश के सिर में गंभीर चोट होने के चलते परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर रवाना हुए।
टेपर बना हादसों का खतरा, आखिर जिम्मेदार कब लेंगे सुध?
इस दुर्घटना ने एक बार फिर इंदौर-मुंबई नेशनल हाईवे पर खलघाट चौराहे के पहले बने टेपर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इस स्थान पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और अनियंत्रित आवाजाही पर नियंत्रण की व्यवस्था क्यों प्रभावी नहीं दिखाई देती? क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदार विभाग जागेंगे?
हाईवे पर टेपर जैसे संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संकेतक, चेतावनी बोर्ड, गति नियंत्रण और यातायात सुरक्षा के इंतजाम बेहद जरूरी हैं। खासकर भारी वाहनों की आवाजाही वाले मार्ग पर थोड़ी सी लापरवाही भी राहगीरों और परिवारों के लिए भारी पड़ सकती है।
अब सवाल यह है कि संबंधित हाईवे प्रबंधन और यातायात विभाग इस दुर्घटना से सबक लेकर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करेंगे या फिर खलघाट के इस टेपर पर हादसों का सिलसिला यूं ही जारी रहेगा?


No comments:
Post a Comment