वरला तहसील को मिली ऐतिहासिक सिंचाई सौगात: माइक्रो उद्वहन परियोजना को मंत्रिमंडल की मंजूरी
बाबा भिलट देव के आशीर्वाद और विधायक मोंटू सोलंकी के प्रयासों से हजारों किसानों को मिलेगा स्थायी सिंचाई समाधान
सेंधवा//बाबा भिलट देव के आशीर्वाद एवं क्षेत्र की जनता के सहयोग से वरला तहसील के लिए बहुप्रतीक्षित माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई है। यह निर्णय क्षेत्र के हजारों किसानों के लिए राहत, समृद्धि और विकास का नया अध्याय लेकर आया है।
मोंटू सोलंकी द्वारा चुनाव जीतने के पश्चात से ही वरला तहसील के ग्रामों को इस परियोजना में शामिल कराने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे थे। दिनांक 19/02/2024 को पहली बार विधानसभा में प्रश्न लगाकर इस मांग को प्रमुखता से उठाया गया। इसके पश्चात 17/12/2024, 21/03/2025 तथा 04/12/2025 को भी पुनः विधानसभा में प्रश्न लगाकर स्पष्ट रूप से मांग की गई कि वरला तहसील के ग्रामों को माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना से वंचित न रखा जाए।
विधायक श्री सोलंकी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए स्थायी सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर लगातार बल दिया। उनके सतत प्रयासों का परिणाम आज उस समय सामने आया जब बड़वानी जिला में बाबा भिलट देव के छाया चित्र के सान्निध्य में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी प्रदान की गई।
इस परियोजना से वरला तहसील के अनेक ग्रामों में सिंचाई सुविधा सुदृढ़ होगी, कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी तथा किसानों की आय में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। जल प्रबंधन में सुधार, फसल विविधीकरण को बढ़ावा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की संभावना है।
विधायक श्री मोंटू सोलंकी ने इस स्वीकृति पर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय बाबा भिलट देव के आशीर्वाद, क्षेत्र की जनता के विश्वास और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र के विकास और किसानों के हितों के लिए उनका संघर्ष आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
वरला तहसील के नागरिकों एवं किसानों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है। यह परियोजना निश्चित रूप से क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी।


No comments:
Post a Comment