ऑडियो सबूत के बावजूद एफआईआर नहीं, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल सफाई कर्मचारियों के आरोप पहुंचे थाने पर
*_धामनोद पुलिस पर सफाई कर्मचारियों की शिकायतों को नजरअंदाज करने का आरोप, एफआईआर न होने पर थाने पहुंचे कर्मचारी_*
*धामनोद।* नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों और स्टाफ द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों पर पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने का मामला सामने आया है। बुधवार को नगर परिषद कर्मचारियों ने अध्यक्ष प्रतिनिधि विष्णु पाटीदार पर सफाई कर्मचारियों, स्टाफ एवं अधिकारियों के साथ गाली-गलौच, अपमानजनक व्यवहार और नौकरी से निकालने की धमकी देने के आरोप लगाते हुए ऑडियो सीडी के साथ थाना धामनोद में आवेदन दिया था, लेकिन पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।
कर्मचारियों का आरोप है कि अध्यक्ष प्रतिनिधि द्वारा इस प्रकार का व्यवहार पहली बार नहीं किया गया है। बीते दो वर्षों से लगातार ऐसी करीब 10 अधिक बार घटनाएं हो चुकी हैं, जिनकी कई बार शिकायतें भी की गईं, लेकिन सामाजिक व राजनीतिक रसूख के चलते अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस की निष्क्रियता से नाराज नगर परिषद के कर्मचारी व सफाई कामगार गुरुवार दोपहर पुनः थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज करने की मांग की। जब पुलिस का रवैया पूर्ववत बना रहा तो कर्मचारियों ने थाने परिसर में धरने पर बैठने का मन बना लिया।
धरने की सूचना मिलते ही नगर पालिका अधिकारी माया मंडलोई मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों को समझाइश दी। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को बसंत पंचमी का पर्व है और नगर में उत्सव का माहौल है, इसलिए फिलहाल धरना न दिया जाए।
इस दौरान कुछ कर्मचारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे उन्हें लगातार अपमान सहना पड़ रहा है। नगर पालिका अधिकारी के समझाने पर कर्मचारी फिलहाल लौट गए, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार वे कार्रवाई कराए बिना पीछे नहीं हटेंगे।



No comments:
Post a Comment